रायगढ़
ट्रक सहित साढ़े 26 लाख का माल जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 7 अक्टूबर। जीएसटी विभाग की ई-वे बिल जांच में संदिग्ध पाए गए स्क्रैप से लदे 16 चक्का ट्रक को पूंजीपथरा पुलिस ने जब्त किया है। ट्रक से करीब 32.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। वाहन समेत जब्त संपत्ति की कीमत करीब 26.50 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर को एनआरवीएस प्लांट, तराईमाल के पास जीएसटी जांच दल ने वाहन की जांच की। चालक अलेख्जेण्डर तिर्की (50), निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर, ने स्क्रैप को कोरबा से एआर इस्पात, पूंजीपथरा ले जाना बताया, लेकिन माल और दस्तावेजों में विरोधाभास मिलने पर वाहन को रोक दिया गया। बाद में चालक द्वारा बिना अनुमति वाहन को प्लांट परिसर में ले जाने की जानकारी सामने आई।
जीएसटी विभाग ने संबंधित फर्म मेसर्स पीआर ग्लोबल से माल के स्रोत, मूल बिल और भुगतान संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद संदिग्ध माल को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
4 अक्टूबर को पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहन पार्ट्स समेत करीब 32.5 टन स्क्रैप मिला। चालक ने पूछताछ में इसे धरमजयगढ़ क्षेत्र के नुनबीरा से लाकर एआर इस्पात में खपाने की बात कही। आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने करीब 6.50 लाख रुपये कीमत का स्क्रैप और 20 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 35(क)(ड) और 303(2) के तहत कार्रवाई की।