रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 अक्टूबर। लैलूंगा पुलिस ने हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा प्राप्त महिला रामबाई चौहान, मूल निवासी मेढरमार, थाना लैलूंगा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी वारंट के परिपालन में गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे जेल दाखिल किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार जिला रायगढ़ सत्र में रामबाई चौहान को हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार मामले में मृतक पार्रू सिदार की मृत्यु गला घोंटने से हुई थी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर निचली अदालत द्वारा दी गई दोषसिद्धि को उच्च न्यायालय ने बरकरार रखा। हाईकोर्ट ने अपील खारिज करते हुए अपीलकर्ता को शेष सजा भुगतने के लिए आत्मसमर्पण करने अथवा हिरासत में लिए जाने का निर्देश दिया था।
ऑपरेशन क्लीन हंट के दौरान लंबे समय से फरार वारंटियों की सूची में रामबाई चौहान का नाम शामिल किया गया। जांच के दौरान ऐसी महिला की पहचान हुई, जिसका वर्तमान रिकॉर्ड उपलब्ध जानकारी से मेल नहीं खा रहा था, लेकिन फोटो मिलान के आधार पर उसकी पहचान रामबाई चौहान के रूप में होने की संभावना मजबूत हुई। पुलिस ने महिला को थाना लाकर पूछताछ की। प्रारंभ में उसने अपनी पहचान से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध तथ्यों एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर उसने स्वीकार किया कि वह वही रामबाई चौहान है, जिसे हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी।