रायगढ़

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह में एयरगन से शिकार, 2 बंदी
06-Oct-2026 7:44 PM
वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह में एयरगन से शिकार, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 अक्टूबर।  वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के बीच रायगढ़ वन परिक्षेत्र में पक्षियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास एयर गन से पक्षियों का शिकार कर रहे दो युवकों को पकडऩे की कार्रवाई की है। दोनों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल की जा रही एयर गन, छर्रे और तीन शिकार किए गए पक्षी बरामद किए गए हैं।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, महापल्ली क्षेत्र में एयर गन के जरिए पक्षियों के अवैध शिकार की सूचना उडऩदस्ता दल को मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान टीम ने कथित रूप से पक्षियों का शिकार कर रहे दोनों युवकों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान वन अमले ने दोनों युवकों के पास मौजूद एयर गन को जब्त किया। इसके साथ ही शिकार में इस्तेमाल किए जा रहे छर्रे भी बरामद किए गए। मौके से तीन शिकार किए गए पक्षियों को भी वन विभाग की टीम ने जब्त किया है। बरामद सामग्री को विभागीय कार्रवाई के तहत अपने कब्जे में लिया गया है।

वन क्षेत्र में पक्षियों का शिकार रोकने के लिए विभाग द्वारा निगरानी और गश्त की जा रही है। महापल्ली में हुई इस कार्रवाई के बाद वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध शिकार की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की बात कही गई है।

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान हुई इस कार्रवाई ने यह भी सामने ला दिया है कि वन्यजीव संरक्षण के लिए केवल जागरूकता कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि अवैध शिकार पर निगरानी और कार्रवाई भी जरूरी है। फिलहाल विभाग की ओर से दोनों युवकों के विरुद्ध प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट