रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 अक्टूबर। घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें बुलेट, टीवीएस जुपिटर, हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी मोटरसाइकिल शामिल हैं। बरामद बुलेट सुपेला, दुर्ग से चोरी होना पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा ने घर के बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच चल रही थी। इसी दौरान 3 अक्टूबर को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की जुपिटर पर सवार तीन संदिग्धों मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र से चार दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, तीनों चोरी की स्कूटी से दोबारा वाहन चोरी की तलाश में घूम रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर चारों वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।