रायगढ़

नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख की ठगी का फरार आरोपी बंदी
03-Oct-2026 8:59 PM
नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख की ठगी का फरार आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 3 अक्टूबर। नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमन यादव (25), निवासी लामरदहा, थाना चक्रधरनगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, मामले में उत्तरा सिदार (50), निवासी कांटाहरदी, थाना कोतरारोड और संजू यादव (27), निवासी छोटे अतरमुड़ा, रायगढ़ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। छोटे अतरमुड़ा निवासी अलेन किड़ो (60) ने 25 अक्टूबर 2025 को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके भतीजे राहुल किड़ो को छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे 11 लाख 30 हजार लिए थे।

शिकायत के मुताबिक, उत्तरा सिदार ने शुरुआत में 50 हजार की मांग की, जिसमें 30 हजार दिए गए। इसके बाद संजू यादव को 20 हजार दिए गए। आरोपियों ने बताया कि यह रकम रायपुर निवासी विकास सिदार को दी जानी है, जो नौकरी लगवाने में मदद करेगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विकास सिदार सहित अन्य लोगों के बैंक खातों में अलग-अलग रकम जमा की।

पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लेने की बात सामने आई। इस मामले में चक्रधरनगर थाने में धारा 420, 468 और 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

पुलिस ने उत्तरा सिदार और संजू यादव को 26 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। फरार आरोपियों के संबंध में 3 फरवरी को धारा 173(8) बीएनएसएस के तहत आगे की जांच के लिए चालान पेश किया गया था।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अमन यादव न्यायालय में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। इसकी सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पुलिस को पता चला कि अमन यादव ने उत्तरा सिदार और संजू यादव के कहने पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे रकम दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।


अन्य पोस्ट