रायगढ़

गांधी के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि-रामचंद्र शर्मा
03-Oct-2026 7:05 PM
गांधी के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि-रामचंद्र शर्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 3 अक्टूबर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नव निर्माण संकल्प समिति द्वारा एसपी कार्यालय के सामने स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा, सचिव दीपक मंडल, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य  अनिल प्रधान, राकेश साहा, सुनील सहित अन्य साथी उपस्थित रहे। सभी ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और सेवा के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

श्री शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत की स्वतंत्रता के महानायक नहीं, बल्कि मानवता को सत्य, अहिंसा और नैतिकता का मार्ग दिखाने वाले युगपुरुष थे। गांधीजी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के समय थे।

उन्होंने कहा कि गांधीजी को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारने से होगी। समाज में आपसी भाईचारा, स्वच्छता, गरीब और जरूरतमंदों की सेवा, गांवों का विकास तथा युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करना ही गांधीजी के सपनों के भारत की दिशा में सार्थक कदम हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने गांधीजी के बताए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के मार्ग पर चलने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट