रायगढ़
रायगढ़, 29 सितंबर। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर पुसौर ब्लॉक के सुर्री, कर्राजोर, सरसमाल, पुसल्दा, तेतला, जामपाली सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में जंगली सूअरों की बढ़ती गतिविधियों से किसान परेशान हैं। रात में झुंड के रूप में खेतों में पहुंच रहे सूअर मूंगफली, उड़द, मूंग सहित दलहन-तिलहन की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। क्षेत्र में इनके हमले से चार लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार जंगली सूअर दिन में नदी किनारे और झाडिय़ों में छिपे रहते हैं तथा शाम होते ही खेतों की ओर निकलते हैं। खेत गांव से दूर होने के कारण किसानों के लिए रात में फसल की रखवाली करना मुश्किल हो रहा है। सरसमाल क्षेत्र में सूअर द्वारा बच्चों को जन्म दिए जाने के बाद भी उनकी आवाजाही बढऩे की बात ग्रामीणों ने कही है।
सुर्री के किसान गंगाधर कुर्रे ने बताया कि पिछले चार दिनों से जंगली सूअर लगातार उनके मूंगफली के खेत को नुकसान पहुंचा रहे हैं। तेतला के गोपाल बरेठ ने भी खेत में फसल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि सूअरों के झुंड राधापुर-कटंगपाली क्षेत्र की ओर से आ रहे हैं। किसानों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने, फसल नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले पुसौर क्षेत्र में फसल नुकसान की सूचना मिली थी। कर्मचारियों को भेजकर निगरानी कराई गई थी। दोबारा स्थिति बनने पर मौके का निरीक्षण कर फसल नुकसान का आंकलन किया जाएगा।