रायगढ़
पुलिस जांच में सेफ्टी बेल्ट का हुक न लगाने की बात आई सामने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 सितंबर। कोतरारोड थाना क्षेत्र स्थित जिंदल पैंथर सीमेंट की निर्माणाधीन साइट पर जुलाई में हुए मजदूर की मौत के मामले में पुलिस की मर्ग जांच पूरी हो गई है। पुलिस जांच में सेफ्टी बेल्ट का हुक न लगाने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच के अनुसार, 23 वर्षीय मजदूर शंकर हाजरा निर्माणाधीन बैग फिल्टर के ऊपर प्लाई उतारने के दौरान संतुलन बिगडऩे से नीचे गिर गया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मृतक शंकर हाजरा मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के सिंदुरपुर गांव का निवासी था और वर्तमान में बीजीसी कंपनी के अंतर्गत मजदूरी करता था।
मर्ग जांच के मुताबिक, 10 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे सुपरवाइजर संजय शर्मा के निर्देश पर शंकर हाजरा और अन्य मजदूरों को निर्माणाधीन बैग फिल्टर परिसर में काम पर लगाया गया था। इसके बाद इंजीनियर प्रतीक साहू के निर्देश पर शंकर हाजरा और भजन महतो को डस्टबीन के ऊपर लगी प्लाई हटाने के लिए भेजा गया।
जांच के अनुसार, दोनों मजदूरों ने सेफ्टी बेल्ट पहनी हुई थी। ऊपर पहुंचने के बाद भजन महतो ने अपनी सेफ्टी बेल्ट का हुक रेलिंग के वायर में लगा लिया, जबकि शंकर हाजरा ने बेल्ट का हुक रेलिंग वायर से नहीं जोड़ा। प्लाई उतारते समय पैर फिसलने से शंकर हाजरा डस्टबीन के खुले हिस्से से नीचे गिर गया।
हादसे के बाद घायल शंकर हाजरा को उपचार के लिए डॉ. आरएल अस्पताल, रायगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मृतक के भाई परसुराम हाजरा, साथी मजदूर भजन महतो, बीजीसी कंपनी के साइट इंचार्ज शुभम मैथी, सुरक्षा अधिकारी बंशीलाल बरेठ, सुपरवाइजर संजय शर्मा, एचआर रमेश पाण्डेय, सुरक्षा अधिकारी हिमांशु शेखर मोहता, सुरक्षा प्रमुख रत्नेश कुमार वर्मा, इंजीनियर प्रवीण कश्यप और सहायक मैनेजर ब्रजेश विश्वकर्मा के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस जांच में पाया गया कि सेफ्टी बेल्ट पहनने के बाद भी रेलिंग वायर में हुक नहीं लगाया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।