रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 सितंबर। धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों के हमले में युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह सोमवार सुबह मछली मारने जंगल के पास तालाब गया था, तभी उसका सामना हाथीदल से हो गया।
बाकारुमा वन परिक्षेत्र के ससकोबा बीट अंतर्गत 99 पीएफ जंगल में 12 हाथियों के दल से एक युवक का सामना हो गया और 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान एस्तर तिर्की, पिता बुना राम, निवासी ग्राम पीठपानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक हाथियों के दल के संपर्क में आने के बाद लापता हो गया था। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान जंगल में युवक का शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आगे की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में हादसा हुआ, वहां 12 हाथियों का दल मौजूद था। हादसे के बाद आसपास के गांवों में दहशत और चिंता का माहौल है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में नहीं जाने और विभागीय चेतावनियों का पालन करने की अपील की जा रही है।