रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 सितंबर। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने संबलपुरी सब-स्टेशन के पास जंगल में दबिश देकर काटपत्ती जुआ खेलते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबलपुरी सब-स्टेशन के पास सडक़ किनारे जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 6 आरोपियों को पकड़ा।
जब्त संपत्ति एवं वाहन
पुलिस ने मौके से नगदी 9,600, 52 पत्ती ताश, एक चटाई, 6 मोबाइल फोन तथा 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख बताई गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश साव (33 वर्ष, निवासी कोष्टापारा), भानुप्रताप सिंह (30 वर्ष, निवासी जूटमिल), राकेश राय (35 वर्ष, निवासी जूटमिल), हितेश साहू (22 वर्ष, निवासी इतवारी बाजार), योगेश चौधरी (33 वर्ष, निवासी बनसिया) तथा नरेंद्र साव (46 वर्ष, निवासी कोष्टापारा) के रूप में हुई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।