रायगढ़

संवाद से समता की ओर : रायगढ़ के अनियंत्रित औद्योगिकीकरण और प्रदूषण पर मंथन
17-Sep-2026 9:32 PM
संवाद से समता की ओर : रायगढ़ के अनियंत्रित औद्योगिकीकरण और प्रदूषण पर मंथन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायगढ़, 17 सितंबर। लोग, अधिकार और न्यायपूर्ण समाज की अवधारणा पर रायगढ़ में आयोजित संवाद से समता की ओर परिचर्चा में शहर के अनियंत्रित औद्योगिकीकरण, बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरणीय संकट और आम लोगों के अधिकारों पर गंभीर चर्चा हुई। पूर्व ब्यूरोक्रेट हर्ष मंदर की मौजूदगी में हुए जन संवाद में बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपने विचार रखे।

 वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण, स्वास्थ्य, रोजगार, विस्थापन और नागरिक अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। रायगढ़ में बढ़ते औद्योगिक विस्तार और प्रदूषण को जनस्वास्थ्य से जोड़ते हुए वैज्ञानिक अध्ययन, स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों और स्वतंत्र पर्यावरणीय निगरानी की जरूरत बताई गई। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों और प्रदूषण के संभावित संबंधों पर भी चर्चा हुई।

 औद्योगिक घरानों की जवाबदेही, प्रदूषण नियंत्रण नियमों के पालन और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाते हुए प्रतिभागियों ने कहा कि विकास की कीमत आम नागरिकों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के नुकसान के रूप में नहीं चुकानी चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा हाल में कई औद्योगिक क्षेत्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई।

 परिचर्चा में यह सवाल भी उठाया गया कि रायगढ़ का मौजूदा विकास मॉडल किसके लिए और किस कीमत पर है। बढ़ती आबादी, यातायात, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं के दबाव के बीच स्थानीय लोगों की भागीदारी को विकास की योजना का जरूरी हिस्सा बताया गया।

 जन संवाद में रामचंद्र शर्मा, डॉ. राजू अग्रवाल, मनीष सिंह, अबरार हुसैन, विनय पांडेय, युवराज सिंह आजाद, गणेश कच्छवाहा, वासुदेव शर्मा, अनिल अग्रवाल चीकू, हृदयराम राठिया, सविता रथ समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर्ष मंदर ने प्रतिभागियों की बातें सुनीं और विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया। कार्यक्रम का संचालन जन चेतना के राजेश त्रिपाठी ने किया।

  परिचर्चा में जोर दिया गया कि विकास तभी सार्थक है, जब उसके केंद्र में आम नागरिक का अधिकार, स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित भविष्य हो।


अन्य पोस्ट