रायगढ़

उद्योग परिसर के भीतर सैकड़ों टन अवैध रेत का भंडार!
16-Sep-2026 7:43 PM
उद्योग परिसर के भीतर सैकड़ों टन अवैध रेत का भंडार!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 16 सितंबर। पूंजीपथरा इंडस्ट्रियल एरिया से लगे दो उद्योगों के भीतर रेत डंपिंग का मामला सामने आया है। बरसात के दौरान रेत से जुड़े लोगों से संपर्क कर उद्योग परिसर में सौ से अधिक ट्रैक्टरों से लाई गई रेत का भंडारण किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है।

 जानकारी के अनुसार, रूपाणाधाम उद्योग के सामने स्थित नवनिर्मित उद्योग के परिसर में आसपास की नदियों से लाई गई रेत का भंडारण किया गया है। ग्राम सराईपाली स्थित इस परिसर में रेत के ढेर होने की जानकारी स्थानीय स्तर पर सरपंच से लेकर घरघोड़ा ब्लॉक के अधिकारियों तक पहुंची है।

ग्राम सराईपाली में एक नए उद्योग की स्थापना की जा रही है और उद्योग परिसर के भीतर रेत का भंडारण किया गया है।

 इस संबंध में घरघोड़ा के एसडीएम प्रवीण कुमार से फोन पर चर्चा की गई और मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वे नायब तहसीलदार तथा खनिज विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजेंगे। चर्चा के तीन दिन बाद भी जांच और कार्रवाई नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट