रायगढ़
22 को दस्तावेजों के साथ एसडीएम के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 सितंबर। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में कॉलोनाइजरों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित भूमि और निम्न आय वर्ग के लिए सुरक्षित भू-खण्डों के प्रावधानों के पालन की जांच शुरू की गई है। इसी क्रम में ग्राम खैरपुर, पण्डरीपानी पूर्व, बड़े अतरमुड़ा और जोरापाली में कॉलोनी विकास से जुड़े कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी को 22 सितंबर को सुबह 11 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम महेश शर्मा ने बताया कि जांच में कॉलोनाइजर लाइसेंस, भूमि व्यपवर्तन आदेश, स्वीकृत ले-आउट, विकास अनुज्ञा तथा ईडब्ल्यूएस के लिए निर्धारित 15 प्रतिशत भूमि के हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। एक एकड़ से कम क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों में भूमि के मूल्य के समतुल्य राशि जमा करने की रसीद भी प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा निम्न आय वर्ग के लिए सुरक्षित 10 प्रतिशत भू-खण्डों के विक्रय, बंधक भू-खण्डों को मुक्त करने, आंतरिक एवं बाह्य विकास शुल्क जमा करने और कॉलोनी विकास पूर्ण होने से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
जांच के दायरे में खैरपुर की 7.259 हेक्टेयर, पण्डरीपानी पूर्व की 2.848 हेक्टेयर, बड़े अतरमुड़ा की 19,240 और 84,038 वर्गमीटर तथा जोरापाली की 2.238 हेक्टेयर भूमि पर विकसित कॉलोनियां शामिल हैं। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय पर दस्तावेज और जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।