रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़/लैलूंगा, 3 सितंबर। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस की कार्रवाई के दौरान उस समय हडक़ंप मच गया, जब पत्थलगांव रोड स्थित भवानीपुर मार्ग पर एक टाटा स्ट्रॉम कार को छोडक़र चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की घेराबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान वाहन में सवार चालक और उसका सहयोगी कार को सडक़ किनारे छोडक़र मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी और आगे की कार्रवाई शुरू की।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार के भीतर करीब तीन बोरियों में गांजा जैसा पदार्थ दिखाई दिया है। हालांकि, बरामद पदार्थ वास्तव में गांजा है या नहीं और उसकी कुल मात्रा कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर कथित मादक पदार्थ की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक और उसके सहयोगी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस की आधिकारिक जांच और बरामद पदार्थ की पुष्टि के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन से वास्तव में गांजा बरामद हुआ है या नहीं और उसकी वास्तविक मात्रा कितनी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।