रायगढ़

आईपीएल सट्टा: कुख्यात सटोरिया दो साथियों संग गिरफ्तार
22-Aug-2026 9:34 PM
आईपीएल सट्टा:  कुख्यात सटोरिया दो साथियों संग गिरफ्तार

यूपीआई से होता था लेन-देन, पूछताछ में सामने आया नेटवर्क

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 22 अगस्त।
रायगढ़ जिले के थाना चक्रधरनगर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े मामलों में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2026 में आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की थी। नौ अप्रैल को बोईरदादर स्थित एक दुकान में दबिश देकर पंकज जयसिंह एवं जयदेव मित्रा को पकड़ा गया था। दस अप्रैल को पंचवटी नगर से कशिश बलानी को मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाते पकड़ा गया था।

पूछताछ में पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने सानू बेरीवाल रायगढ़, मोहित संथालिया रायपुर और विजय कुमार देवांगन रायगढ़ के साथ मिलकर सट्टा संचालित करने तथा यूपीआई के माध्यम से वित्तीय लेन-देन करने की बात कही थी। इस आधार पर थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

मामले में फरार चल रहे तीनों आरोपियों के उपस्थित होने पर पुलिस द्वारा उन्हें थाना तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सानू बेरीवाल से 2 मोबाइल तथा मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन से 1-1 मोबाइल (कुल 4 मोबाइल फोन) जब्त किए गए हैं।

आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट