रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 अगस्त। हाईवे पर खड़े ट्रेलर एवं भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो और फरार आरोपियों को जूटमिल पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
मामले की शुरुआत 3 फरवरी को हुई थी, जब अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार थे। जूटमिल पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो अंदर 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल तथा अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने वाहन एवं सामान को जब्त कर जांच शुरू की।
मामले में पहले सुनील कुमार केवट उम्र 30 वर्ष निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा तथा संदीप कुमार डहरिया उम्र 34 वर्ष निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से दोनों को रिमांड पर भेजा गया। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश के दौरान शिव कुमार रजक उम्र 40 वर्ष निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा तथा कुलदीप कुमार साण्डे उम्र 29 वर्ष निवासी खम्हरिया, थाना कुसमुण्डा, चौकी हरदीबाजार, जिला कोरबा का पता लगाया गया। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ कर गवाहों के समक्ष मेमोरेण्डम कथन लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया। आरोपी शिव कुमार रजक ने बताया कि भागने के दौरान उसका कीपैड मोबाइल स्कॉर्पियो में छूट गया था। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया।