रायगढ़

डॉ. राठिया का धर्मजयगढ़ तबादला
18-Aug-2026 9:11 PM
डॉ. राठिया का धर्मजयगढ़ तबादला

रायगढ़, 18 अगस्त।  खरसिया सिविल अस्पताल में 25 जून को हुई घटना के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। रायगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सिविल अस्पताल खरसिया में पदस्थ सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. वी.एस. राठिया का तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सिविल अस्पताल धर्मजयगढ़ में कार्य करने के लिए अस्थायी रूप से स्थानांतरण किया गया है, आदेश 11 अगस्त का है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब खरसिया सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान तामेश्वर शर्मा उर्फ प्रद्युम शर्मा की मौत को लेकर परिजनों ने उपचार में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच की प्रक्रिया भी की गई और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के आदेश में स्पष्ट रूप से 25 जून को सिविल अस्पताल खरसिया में हुई घटना का उल्लेख करते हुए चिकित्सकीय व्यवस्था के सुचारु संचालन एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से डॉ. वी.एस. राठिया को आगामी आदेश तक धर्मजयगढ़ सिविल अस्पताल में कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है।

हालांकि मृतक के परिजन इस कार्रवाई को पर्याप्त नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि यदि उपचार में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित डॉक्टरों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। परिजनों का आरोप है कि प्रद्युम शर्मा की मौत सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि उपचार में कथित लापरवाही के कारण उनकी जान गई। मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग लगातार की जा रही है।


अन्य पोस्ट