रायगढ़
कई मकान तोड़े और फसलों को पहुंचाया नुकसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 अगस्त। रायगढ़ में हाथियों की संख्या एक बार फिर से बढ़ गई है और दोनों वन मंडल में 164 हाथी मौजूद हैं। रात के समय हाथियों का दल जंगल से निकलकर गांव-बस्ती तक पहुंच रहा है। जहां बीती रात घरघोड़ा के कया कच्चा मकान के दिवार को ढहाने के साथ ही धान फसल को नुकसान पहुंचाया। साथ ही धरमजयगढ़ वन मंडल में भी 16 किसानों के फसल को रौंद डाला।
मिली जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा रेंज के कया-बटुराकछार के जंगल में 53 हाथियों का दल पहुंचा है, जो कि रात के समय जंगल से निकलकर बस्ती तक पहुंचा। हाथी के आने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण घरों से निकल गए। इस दौरान 2 लोगों के कच्चे मकान के दिवार को हाथी ने अपने सुंड से गिरा दिया। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। साथ ही चावल बोरी को भी खा गया। ग्रामीणों के खेत में घुसकर फसलों को भी हाथियों ने बर्बाद कर दिया। इसके अलावा धरमजयगढ़ वन मंडल के मेढरमार में गगन मंडल, संजय अग्रवाल, विनोद जेठवानी के धान फसल को नुकसान पहुंचाया।
हाथियों ने कापू रेंज के पंडरापाठ, परसापारा, सांगुल, तालगांव में रहने वाले किसान ननकु वर्मा, रामेश्वर वर्मा, अकबर वर्मा, भीमू पैंकरा, गुणसागर, हेमसागर, मधु यादव, परसु सिदार, कोरनो यादव और कापू रेंज के कोयलारडांड में बीरा लकड़ा, सोमनाथ राठिया, सुंदर सिंह और रवि राठिया के धान फसल को नुकसान पहुंचाया।
इस संबंध में घरघोड़ा सबडिविजन के एसडीओ आशुतोष मंडवा ने बताया कि घरघोड़ा रेंज में हाथियों की संख्या बढ़ गई है। इन दलों में छोटे शावक भी मौजूद हैं। हाथियों की बड़ी संख्या को देखते हुए लगातार ड्रोन और हाथी मित्र दल व विभागीय अमला उनकी निगरानी कर रहा है। हाथियों के द्वारा किए गए नुकसान का आंकलन कर मुअवाजा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में हाथियों से बचाव को लेकर मुनादी कराई जा रही है।