रायगढ़

खरसिया के नवागांव में सडक़ निर्माण की मांग तेज
17-Aug-2026 4:00 PM
खरसिया के नवागांव में सडक़ निर्माण की मांग तेज

रवि भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 अगस्त।  खरसिया क्षेत्र के नवागांव में विकास के दावों की पोल खोलती बदहाल सडक़ के विरोध में ग्रामीण सडक़ों पर उतर आए हैं। स्थायी समाधान न मिलने से आक्रोशित लगभग 50 से 60 ग्रामीणों ने सडक़ पर ही डेरा डाल दिया है और जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की यह मुख्य सडक़ लंबे समय से बदहाल है। गड्ढों और धूल-धक्कड़ से भरी इस सडक़ पर चलना दूभर हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें करने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर केवल कोरे आश्वासन ही मिले, जिसके चलते उन्हें मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा।

ग्रामीणों के अचानक इस प्रकार धरने पर बैठने की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए खरसिया थाना प्रभारी सीताराम धु्रव अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने और उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल, ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े हुए हैं और पुलिस बल मौके पर तैनात रहकर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस जनसमस्या का कितनी जल्दी स्थायी समाधान निकाल पाता है।


अन्य पोस्ट