रायगढ़

जंगल, हाथी और ग्रामीणों की सुरक्षा में जुटे वनकर्मी
16-Aug-2026 6:35 PM
जंगल, हाथी और ग्रामीणों की सुरक्षा में जुटे वनकर्मी

6 कर्मचारियों को मिला प्रशस्ति पत्र 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 16 अगस्त। रायगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाला जुनवानी बीट पिछले कई सालों से जंगली हाथियों का प्रमुख रहवास क्षेत्र बना हुआ है। यहां सालभर हाथियों के दल का विचरण बना रहता है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की सतर्कता और ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय के चलते अब तक इस क्षेत्र में हाथियों के हमले से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जिसे देखते हुए 15 अगस्त को प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने यहां के वन रक्षक पालू साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

रायगढ़ वन मंडल के जुनवानी बीट में पदस्थ वनरक्षक पालू साहू लंबे समय से वन्यजीवों और ग्रामीणों के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी के दौरान ग्रामीणों को सतर्क करना, उनके सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक जानकारी देना और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना उनके नियमित कार्यों का हिस्सा रहा है। इसके अलावा हाथियों के कारण यहां के किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान के मामलों में भी वनरक्षक पालू साहू की सक्रियता सराहनीय रही है। फसल क्षति की सूचना मिलते ही उनके द्वारा मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया जाता है और प्रकरण को त्वरित निराकरण के लिए प्रस्तुत किया जाता रहा है। इससे प्रभावित किसानों को समय पर राहत और मुआवजा प्रक्रिया का लाभ मिल रहा है।

हाथियों के रहवास क्षेत्र में लगातार ड्यूटी करते हुए वनरक्षक पालू साहू ने यह साबित किया है कि वन संरक्षण के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी सराहनीय कार्य और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण को देखते हुए 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वनरक्षक पालू साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की सराहना है।

बताया जाता है कि रायगढ़ वन परिक्षेत्र में पदस्थ रेंजर संजय लकड़ा अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, सक्रिय कार्यशैली और वन संरक्षण को लेकर लगातार किए जा रहे प्रयासों के कारण अलग पहचान बना रहे हैं। वन क्षेत्र की निगरानी से लेकर वन्यजीवों की सुरक्षा और मैदानी स्तर पर वन विभाग की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में उनकी भूमिका की लगातार सराहना की जा रही है।  रायगढ़ रेंज के सभी कर्मचारी रेंजर संजय लकड़ा के कार्यशैली से काफी प्रभावित होकर काम करते आ रहे हैं।


अन्य पोस्ट