रायगढ़

हाईवे पर डीजल चोरी, गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार
14-Aug-2026 7:15 PM
हाईवे पर डीजल चोरी, गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 अगस्त। हाईवे पर खड़े ट्रेलर एवं भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने खुलासा किया है। मामले की शुरुआत 3 फरवरी को हुई, जब अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार थे। जूटमिल पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो अंदर 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल तथा अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने वाहन एवं सामान को जब्त कर जांच शुरू की।

वाहन पर सीजी 04-बीटी 0664 नंबर अंकित था, लेकिन परिवहन विभाग से जांच कराने पर इस नंबर का कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला। वहीं वाहन के अंदर मिली नंबर प्लेट सीजी-12-बीटी 6416 के आधार पर जांच की गई तो उसका इंजन नंबर एवं चेचिस नंबर से वाहन मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत मिला। पूछताछ में वाहन मालिक एवं उसके भाई शेखर निर्मलकर से प्राप्त जानकारी तथा किरायानामा से पता चला कि स्कॉर्पियो वाहन 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।

विवेचना में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर सीजी -04- बीटी 0664 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक एवं कुलदीप साण्डे के साथ रायगढ़ शहर आकर हाईवे पर खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी की। ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोडक़र डीजल निकालने के दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने पर सभी आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया और आरोपी वाहन छोडक़र फरार हो गए।

मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव (48) ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर चांपा के विरुद्ध कोरबा जिला के अलग-अलग थानों में पाँच प्रकरण चोरी एवं अन्य धाराओ में प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है। वर्तमान में वह थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के  धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रकरणों में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में निरुद्ध है।

जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। आरोपी को बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी। वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक एवं कुलदीप साण्डे की तलाश जारी है।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर जूटमिल पुलिस ने सुनील कुमार केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा तथा संदीप कुमार डहरिया, उम्र 34 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर 12 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में थाना जूटमिल में धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3ध्7 ईसी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है।


अन्य पोस्ट