रायगढ़

गांजा तस्करी का फरार मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
10-Aug-2026 7:02 PM
गांजा तस्करी का फरार मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 अगस्त। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस को 60 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को ओडिशा के जिला बौद्ध से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है।

विदित हो कि 20 अप्रैल में तमनार पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई में आरोपी सोहन लाल सिदार एवं विनोद प्रधान को सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार में गांजा परिवहन करते पकड़ा गया था, आरोपियों ने 60 किलो गांजा, स्वीफ्ट कार, 2 मोबाइल करीब 20 लाल की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा मोबाइल नंबर के माध्यम से ओडिशा से गांजा प्राप्त करना बताया गया था।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने उक्त मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच एवं पतासाजी करते हुए मुख्य गांजा सप्लायर की पहचान शंकर मेहर, निवासी जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में की। आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी के डर से अपने निवास से फरार हो गया था। तमनार पुलिस द्वारा आरोपी की पतासाजी के लिए क्षेत्र में पुलिस कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी शंकर मेहर अपने निवास गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध (ओडिशा) में मौजूद है। सूचना पर तमनार पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस की मदद से उसके निवास पर दबिश दी गई, जहां आरोपी पुलिस टीम को मिला। आरोपी को तलब कर अपराध के संबंध में पूछताछ करने पर उसने गांजा तस्करी के अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस द्वारा आरोपी के परिजनों को उसकी गिरफ्तारी की सूचना देकर थाना तमनार के धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में आरोपी शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध (ओडिशा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट