रायगढ़

चोरी के दो आरोपी संग खरीददार भी बंदी
31-Jul-2026 7:39 PM
चोरी के दो आरोपी संग खरीददार भी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 31 जुलाई। दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दो आरोपियों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यवसायी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी के गैस सिलेंडर, चांदी का पायल, निर्माणाधीन मकान से चोरी किए गए तांबा तार तथा चोरी में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पहला मामला सुभाष नगर निवासी अभिमन्यु सागर की रिपोर्ट से जुड़ा है। प्रार्थी 9 जुलाई को अपने परिवार सहित गांव गया था। 11 जुलाई को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला तथा दो एचपी गैस सिलेंडर, सोने का हार, चांदी के पायल, किराना व दुकान का सामान सहित करीब 90 हजार रुपये की चोरी होना पाया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

दूसरा मामला भवानी शंकर षडंगी कॉलोनी फेस-1 स्थित निर्माणाधीन मकान का है, जहां 15 जुलाई को लगभग 90 हजार रुपये कीमत के कॉपर केबल, विद्युत पैनल, बोर्ड एवं अन्य बिजली सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के संदेही विवेक सारथी अपने नाबालिग साथी के साथ टीवीएस मोटरसाइकिल से कोतरारोड ओवरब्रिज के पास घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने दोनों चोरी की वारदातें स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का गैस सिलेंडर, जला हुआ तांबा तार, विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से एक जोड़ी चांदी का पायल तथा विवेक सारथी से चोरी में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की। पूछताछ में अल्का स्टील के संचालक संजय कुमार नानकानी ने चोरी का गैस सिलेंडर एवं तांबा तार खरीदना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। प्रकरण में धारा 317(2),3(5) बढ़ाया गया, विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड तथा दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट