रायगढ़

वित्त मंत्री ने नि:शुल्क पौधा वितरण, वैन को दिखाई हरी झंडी
25-Jul-2026 7:51 PM
वित्त मंत्री ने नि:शुल्क पौधा वितरण, वैन को दिखाई हरी झंडी

अब एक कॉल पर घर पहुंचेगा नि:शुल्क पौधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 25 जुलाई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक  ओपी चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान अपने निवास कार्यालय से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वनमंडल रायगढ़ द्वारा संचालित नि:शुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभिनव पहल के माध्यम से रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अब केवल एक फोन कॉल पर अपने घर तक नि:शुल्क पौधे प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि वन विभाग की यह पहल नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। अब यदि कोई व्यक्ति अपने घर, आंगन, बाड़ी, खेत, बगीचे, तालाब किनारे अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर पौधारोपण करना चाहता है, तो उसे केवल टोल-फ्री नंबर पर कॉल करना होगा। इसके बाद वन विभाग की टीम सीधे उसके घर पहुंचकर नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से लोगों को पौधों के लिए नर्सरी या विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकेंगे।

एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुडऩे की अपील

श्री चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृऋण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले समय में रायगढ़ हरियाली की नई पहचान बन सकता है।

फलदार और छायादार पौधों की रहेगी उपलब्धता

मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि इस योजना के तहत वन विभाग द्वारा अच्छी गुणवत्ता वाले स्वस्थ पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार आम, अमरूद, नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों के साथ-साथ छायादार एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पौधों की सहज उपलब्धता से पौधारोपण अभियान को नई गति मिलेगी।

उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घर, बगीचे, खेत, तालाब किनारे, पार्क अथवा अन्य उपलब्ध स्थानों पर पौधारोपण कर प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है। एक पेड़ केवल हरियाली ही नहीं देता, बल्कि स्वच्छ हवा, संतुलित पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के बेहतर भविष्य का आधार भी बनता है। उन्होंने नागरिकों से वन विभाग की इस जनहितैषी पहल का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।


अन्य पोस्ट