रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 जुलाई। ऑपरेशन अंकुश के तहत थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम कठली में खुडख़ुडिय़ा (झंडी-मुंडी) जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन जुआरियों को गिरफ्तार कर नगदी, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है तथा पूंजीपथरा पुलिस ने सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर से जुआ खिलाते दो जुआरियों को पकड़ा गया है ।
17 जुलाई को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कठली के बड़े तालाब की मेड़ पर खुडख़ुडिय़ा गोटी से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि दिनेश कुमार चौधरी (35), उमाकांत निषाद (25) एवं कमलेश निषाद (19) निवासी ग्राम कठली को मौके से गिरफ्तार किया गया।
रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी दिनेश कुमार चौधरी के कब्जे से 380 नगद, एक हीरो मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल, आरोपी उमाकांत निषाद के कब्जे से 220 नगद तथा आरोपी कमलेश निषाद के कब्जे से 400 नगद एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अतिरिक्त मौके से 6 नग खुडख़ुडिय़ा गोटी, 6 नग झंडी-मुंडी पट्टी तथा एक बांस की टोकरी भी जब्त की गई। इस प्रकार कार्रवाई में कुल 1,000 नगद, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन एवं जुआ सामग्री जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना पुसौर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।