रायगढ़

बैडमिंटन खिलाड़ी आमान खान को मिला हिंदू कॉलेज में प्रवेश
20-Jul-2026 3:10 PM
बैडमिंटन खिलाड़ी आमान खान को मिला हिंदू  कॉलेज में प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 20 जुलाई। रायगढ़ के बैडमिंटन प्रशिक्षक अकरम खान के पुत्र और राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आमान खान को दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज में प्रवेश मिला है। आमान खान ने बैडमिंटन के क्षेत्र में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसरों पर जिला प्रशासन से सम्मान प्राप्त किया है।

दिल्ली वल्र्ड पब्लिक स्कूल के छात्र रहे आमान खान ने इस वर्ष सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद उन्होंने सी.यू.ई.टी यूजी की परीक्षा दी, जिसमें उन्होंने इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अंग्रेजी विषयों में 99 पर्सेंटाइल (903.46 अंक) हासिल किए।

इस प्राप्तांक के आधार पर दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रथम आवंटन सत्र में ही उन्हें हिंदू कॉलेज आवंटित हुआ है। आमान यहाँ से इतिहास विषय में स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी कर आगे प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य रखते हैं। इतिहास के साथ-साथ उनकी रुचि पुरातत्व (आर्कियोलॉजी) में भी है।

आमान खान ने बैडमिंटन में विभिन्न आयु वर्गों (अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19) में रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय बैडमिंटन रैंकिंग में 42वें स्थान पर हैं। आमान ने अपनी इस सफलता का श्रेय समय की पाबंदी, एकाग्रता और कड़े अनुशासन को दिया है।


अन्य पोस्ट