रायगढ़

बिना अनुमति सज रहा मीना बाजार! नोटिस का भी नहीं हुआ असर
14-Jul-2026 7:52 PM
बिना अनुमति सज रहा मीना बाजार!  नोटिस का भी नहीं हुआ असर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 जुलाई। रायगढ़ शहर में हर साल लगने वाला मीना बाजार एक बार फिर से विवादों में आ गया है। अनुमती बिना सामान गिराकर सजाने के दौरान नगर निगम की टीम ने मीना बाजार संचालक को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद नोटिस का असर होता दिखाई नहीं दे रहा है और मीना बाजार संचालक के द्वारा बेखौफ होकर मीना बाजार को धड़ल्ले से सजाने का दौर जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के सावित्री नगर में लगने वाले मीना बाजार में बिना अनुमती सामान गिराकर सजाने की शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने संचालक तमन्ना हुसैन को कुछ दिन पहले ही नोटिस जारी करते हुए संबंधित विभागों से अनुमती नहीं मिलने तक मीना बाजार का काम काज पूरी तरह बंद रखने को कहा गया था। लेकिन इसके बावजूद मीना बाजार संचालक के मीना बाजार सजाने का दौर जारी है।

शहर के सावित्री नगर में हर साल मीना बाजार लगने के दौरान क्षेत्र के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसको देखते हुए पिछले कई सालों से क्षेत्रवासी मीनाबाजार का विरोध करते आ रहे हैं। जिस जगह मीना बाजार लगता है उस इलाके में 6 बड़ी कॉलोनी है जिसमें सावित्री नगर कालोनी, बेनीकुंज, कालंदी कुंज, कृष्टल, आदित्य पार्क स्थित है और इन कालोनीवासियों के लिये आने-जाने का साधन मीना बाजार लगने वाली सडक़ रहती है जो त्यौहारों के समय तो पूरी रात जाम रहती है और मीना बाजार लगने से यहां की रहवासियों की समस्या दोगुनी हो जाती है।

रायगढ़ शहर के सावित्री नगर व ट्रांसपोर्ट नगर के समीप लग रहे मीना बाजार के मामले में जब रायगढ़ एसडीएम महेश शर्मा से बातचीत की गई तब उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने ट्रैफिक विभाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय और निगम आयुक्त को पत्र लिखकर विधिवत एनओसी मांगी है और उनकी एनओसी आने के बाद उनके कार्यालय से विधिवत अनुमती दी जाएगी। बातचीत के दौरान उन्होंने माना कि वर्तमान में लग रहे मीना बाजार की कोई भी अनुमती नही दी गई है। 


अन्य पोस्ट