रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 जुलाई। पुसौर पुलिस ने एनएच-53 पर युवक से मारपीट कर मोबाइल, नकदी एवं अन्य सामान लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी राशि, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है।
प्रार्थी कमल प्रसाद जांगड़े निवासी ग्राम तेतला ने 11 जुलाई को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 4 जुलाई की रात रायगढ़ से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 10.20 बजे लोहरसिंह पेट्रोल पंप के आगे मां मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास एनएच-53 पर बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। सडक़ पर गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर डराते हुए बैग एवं पर्स में रखे 2,500 नगद, रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं वोटर आईडी लूटकर कोडातराई की ओर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध लूट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33 वर्ष), चन्द्रभानू साव (26 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के रूप में की। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने वारदात स्वीकार कर ली।