रायगढ़

खेतों से केबल वायर चोरी, 2 गिरफ्तार
08-Jul-2026 8:26 PM
खेतों से केबल वायर  चोरी, 2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 8 जुलाई। पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोर के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दरअसल थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कराई।

5 जुलाई को प्रार्थी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35), निवासी रेंगालपाली ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22) एवं दिगम्बर मांझी (26), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा आरोपी दिगम्बर मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों द्वारा मिलकर अपराध करना पाए जाने पर धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता  भी प्रकरण में जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट