रायगढ़

बाइक चोरी का फरार आरोपी जशपुर से गिरफ्तार
04-Jul-2026 6:36 PM
बाइक चोरी का फरार आरोपी जशपुर से गिरफ्तार

रायगढ़, 4 जुलाई। धरमजयगढ़ पुलिस ने वर्ष 2024 के बाइक चोरी प्रकरण में फरार आरोपी को जिला जशपुर के कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम आमानाय (साजापाली) निवासी देवानसाय कोरवा ने 10 अगस्त 2024 को थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 05 अगस्त 2024 की शाम अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से ग्राम सिसरिंगा बाजार सामान खरीदने गया था। बस स्टैंड के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर किराना दुकान में गया और वापस लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल तथा उसमें रखा मोबाइल फोन गायब मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान 04 अक्टूबर 2024 को पुलिस ने सह-आरोपी अमरनाथ सोनी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की थी। पूछताछ में उसने अपने साथी बजरंग सोनी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया था। इसके बाद से बजरंग सोनी लगातार फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध न्यायालय में पृथक चालान प्रस्तुत किया गया था।

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बजरंग सोनी अपने गृह क्षेत्र नवाटोली धुमाडांड, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट