रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 जुलाई। पुलिस ने ढिमरापुर रोड पर हुई लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने राह चलते युवक से मारपीट कर 15,200 लूट लिए थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक बदमाश महज तीन दिन पहले जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही फिर लूट किया।
प्रार्थी त्रिनाथ सामल (31) निवासी ढिमरापुर ने 30 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह जगन्नाथ हरिशचंद्र ज्वेलर्स में सेल्समैन है। 29 जून को कार्यालयीन कार्य से रायपुर गया था। देर रात बस से रायगढ़ लौटने के बाद मालिक के घर सामान पहुंचाकर अपने कमरे की ओर जा रहा था। रात्रि लगभग 12.30 बजे ढिमरापुर रोड स्थित आदित्य मोटर्स के पास दो युवकों ने उसे रोककर जबरन रुपये मांगने शुरू कर दिए। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया और उसकी जेब में रखे 15,200 लूटकर चौतन्य नगर की ओर भाग निकले। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनमें एक काले रंग की शर्ट तथा दूसरा मटमैले रंग की शर्ट पहने हुए था।
फुटेज के आधार पर बापूनगर एवं रामभाठा क्षेत्र में पहचान कराई गई। इसी दौरान ह्यूमन इंटेलिजेंस से दोनों की पहचान नीरज टोप्पो एवं शैलेष मिंज निवासी रामभाठा, जवाहर नगर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि लूटे गए रुपये लेकर वे झारसुगुड़ा (ओडिशा) घूमने चले गए थे और अधिकांश रकम खर्च कर चुके हैं। आरोपियों के कब्जे से 700 रूपए बरामद किए गए हैं।
बिना अनुमति बोर खनन, मशीन जब्त
महासमुंद,2जुलाई। महासमुंद विकासखंड अंतर्गत लभरा के समीप बिना वैधानिक अनुमति के बोर खनन किए जाने की सूचना पर तहसीलदार जुगल किशोर एवं पटवारी केशव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित स्थल पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बोर खनन किया जा रहा था। आवश्यक दस्तावेज एवं अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर राजस्व विभाग की टीम ने बोर खनन में संलग्न बोर मशीन को जब्तकर थाना महासमुंद की अभिरक्षा में रखा गया है।