रायगढ़

पुलिस टीम पर हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार
02-Jul-2026 5:50 PM
पुलिस टीम पर हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 जुलाई। फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2015 से फरार चल रहे बलवा एवं पुलिस टीम पर हमले के आरोपी हेमा राठिया को उसके गांव पहुंचने की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

प्रकरण वर्ष 2015 का है, जब आरोपी हेमा राठिया अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो एवं मोटरसाइकिलों में सवार होकर लाठी, डंडा एवं लकड़ी की फालियों से लैस होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। आरोपियों ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई में लगे पुलिस बल के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों पर हमला कर मारपीट की थी। जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की गई तथा पुलिस के शासकीय वाहन में भी तोडफ़ोड़ की गई थी।

घटना के संबंध में तत्कालीन थाना प्रभारी लैलूंगा की रिपोर्ट पर धारा 147, 148, 149, 186, 353, 452, 294, 506, 323, 332, 336, 34 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई थी।

विवेचना के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, जबकि हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था। इसी क्रम में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि फरार आरोपी हेमा राठिया पिता रूपसिंह राठिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम कुर्रा, थाना लैलूंगा अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विधिवत कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 


अन्य पोस्ट