रायगढ़

नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार
26-Jun-2026 8:15 PM
नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 जून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के क्रम में थाना कापू पुलिस ने नाबालिग से रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

21 जून को नाबालिग पीडि़ता के पिता ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून की रात्रि वे अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात घर लौटने के बाद सुबह उठने पर उनकी बेटी (14) घर पर नहीं मिली। आसपास खोजबीन करने पर वह आरोपी अभिषेक टंडन (21 साल) के घर में मिली, जिसे परिजन वापस घर लेकर आए। पूछताछ करने पर पीडि़ता ने बताया कि 20 जून की शाम लगभग 7 बजे आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से संदेश भेजकर उसे गांव के नदी किनारे बुलाया, जहां डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां रात में भी उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीडि़ता ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में भी आरोपी द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ किया था, जिसकी रिपोर्ट थाना कापू में किये थे।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने पीडि़ता का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन दर्ज कराया गया तथा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। विवेचना के दौरान पीडि़ता का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अभिषेक टंडन के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
 
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को 24 जून की शाम विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट