रायगढ़

शादी का झांसा- रेप, आरोपी गिरफ्तार
26-Jun-2026 8:13 PM
शादी का झांसा- रेप, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 26 जून। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने युवती से शादी का झांसा देकर रेप करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

23 जून को 25 वर्षीय पीडि़ता ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी अक्टूबर 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से राजेश मिरधा से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इस दौरान दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर भी चर्चा हुई तथा आरोपी के परिजन पीडि़ता के घर विवाह का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे।

पीडि़ता ने रिपोर्ट में बताया कि 11 जनवरी को आरोपी उसे अपने घर ग्राम सराईपाली ले गया, जहां विवाह करने का आश्वासन देकर अपने कमरे में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। युवती 16 जनवरी तक आरोपी के घर पर रही। बाद में 21 जून को आरोपी ने उसके घर आकर स्पष्ट रूप से विवाह करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीडि़ता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीडि़ता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध  धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान महिला थाना पुलिस ने आरोपी राजेश मिरधा (26) के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट