रायगढ़

मवेशी तस्करी, आरोपी फरार
21-Jun-2026 8:00 PM
मवेशी तस्करी, आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 21 जून। थाना लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई गुरुवार की रात ग्राम कमरगा के घने जंगल में की गई, जहां तस्कर गौवंशों को पैदल हांकते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहे थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गौवंशों को मारते-पीटते जंगल के रास्ते बूचडख़ाने ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ तत्काल ग्राम कमरगा पहुंचे।

ग्रामीणों से पूछताछ कर उन्हें गवाह के रूप में साथ चलने के लिए कहा गया, लेकिन ग्रामीणों ने जंगल में रात के समय अजगर एवं जहरीले सांपों के निकलने की बात कहकर जाने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाइश देकर साथ लिया और रात में ही जंगल के भीतर सर्च अभियान शुरू किया।

पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मवेशियों के मालिक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई दावा करने नहीं आया। इसके बाद गवाह कन्हैयालाल चौहान एवं ग्राम कोटवार गणेश राम चौहान की उपस्थिति में धारा 106 बीएनएसएस के तहत विधिवत कार्रवाई कर सभी 20 गौवंशों को जप्त किया गया। जप्तशुदा गौवंशों को सुरक्षित देखभाल के लिए सलखिया गौशाला के अध्यक्ष जोगीराम भोय को अस्थायी सुपुर्दगी में सौंपा गया है।


अन्य पोस्ट