रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 जून। ओम श्री रूपेश कंपनी में कल देर शाम महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवार ढहने से जख्मी मजदूरों में रंभा प्रधान नामक महिला की की मौत हो गई। लेबर क्वाटर में रहने वाली विवाहिता की अकाल मौत से चिराईपानी के बाशिंदों में उद्योग प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश की चिंगारी सुलग गई है। इस हादसे में घायल लोगों के बयान के आधार पर पूंजीपथरा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित गांव चिराईपानी में गुरुवार देर शाम ओम श्री रूपेश कंपनी के लेबर क्वाटर में महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवार गिरने से 2 महिला समेत 3 लोग जख्मी हुए थे। हालांकि, ग्रामीणों की मदद से पुलिस जेसीबी से मलबा हटवाते हुए आहतों को नजदीकी अस्पताल लेकर गई थी, बुरी तरह जख्मी रंभा प्रधान की मौत हो गई। ऐसे में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।
ग्रामीणों की माने तो ओम श्री रूपेश कंपनी के डायरेक्टर शंकर लाल अग्रवाल और उनके बेटे दीपक अग्रवाल चिराईपानी के आम रास्ते पर जेसीबी चलवाते हुए गड्ढा कर चुके हैं। यही वजह है कि सरकारी रोड पर जेसीबी चलने से गड्ढे बनने से महालक्ष्मी कास्टिंग की दीवारें कमजोर हो गई और कल देर शाम तेज अंधड़ व बारिश में ध्वस्त हो गई।