रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 जून। सिटी कोतवाली पुलिस ने युवक से नगद रकम और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों सहित लूटा गया मोबाइल कम कीमत में खरीदकर उपयोग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
प्रार्थी सुमित सिकदार (35) ने थाना कोतवाल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि कल वह अपनी टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल से मुर्गा लेकर तुमीडीह बाजार गया था। बाजार से वापस लौटते समय रात्रि लगभग 11:30 बजे उर्दना तिराहा के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जेब में रखे 7 हजार नगद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड में धारा 309, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान अज्ञात आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी बीच लूटे गए मोबाइल के उपयोग में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल धारक आदित्य चौधरी (21) निवासी धांगरडीपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने उक्त मोबाइल आशु बरेठ से मात्र 800 में खरीदना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर गवाहों के समक्ष लूटा गया पोको मोबाइल जब्त किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने धांगरडीपा में दबिश देकर आशु बरेठ (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों आशीष महंत एवं श्याम बरेठ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि तीनों ने उर्दना तिराहा-रामपुर मार्ग स्थित यादव होटल के पास सुनसान स्थान पर पीडि़त को रोककर पैसे की मांग की थी तथा विरोध करने पर मारपीट कर 7 हजार नगद एवं पोको मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद अत्यंत कम कीमत पर मोबाइल खरीदकर उपयोग करने के कारण आरोपी आदित्य चौधरी के विरुद्ध धारा 317(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी आशु बरेठ, श्याम बरेठ एवं आदित्य चौधरी को कल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


