रायगढ़

आरोपी की हिरासत में मौत, न्यायिक जांच शुरू
17-Jun-2026 8:15 PM
आरोपी की हिरासत में मौत, न्यायिक जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 जून। थाना कोतरारोड के आबकारी एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपित संजय बघेल ग्राम नवापारा, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़ की 13 जून को हुई आकस्मिक मृत्यु के संबंध में जेएमएफसी रायगढ़ द्वारा न्यायिक जांच की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने उसकी मृत्यु के मामले से संबंधित सभी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज जांच के लिये उपलब्ध करा दिये हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पत्रकार वार्ता में मीडिया के सामने भी मृतक के सीसीटीवी फुटेज से संबंधित कुछ फुटेज साझा किये।

मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकारों को जानकारी देते हुए श्री सिंह ने बताया कि बंदी संजय बघेल की मृत्यु के संबंध में परिजनों द्वारा थाना कोतरारोड में संजय बघेल के साथ मारपीट किए जाने तथा आबकारी प्रकरण में अवैधानिक रूप से रुपये लेने के आरोप पुलिस पर लगाए गए हैं। उक्त आरोपों के संबंध में पुलिस का पक्ष भी सामने आना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मामले से संबंधित मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा थाना कोतरारोड परिसर के 10 जून के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए गए हैं।

थाना कोतरारोड परिसर में बंदीगृह के बाहर आरोपी को बैठाया गया तथा उसके परिजनों को कार्यवाही की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर संजय बघेल का भाई अजय बघेल एवं परिवार का सदस्य राकेश बघेल थाना पहुंचे। आबकारी प्रकरण की समस्त वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण कर 10 जून की दोपहर 2.15 बजे आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी दर्ज की गई तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके भाई अजय बघेल को प्रदान की गई।

सीसीटीवी फुटेज में दोपहर 14:21 बजे स्पष्ट रूप से आराम करता देखा जा सकता है कि संजय बघेल द्वारा पानी मांगने पर पुलिसकर्मियों द्वारा उसे पानी उपलब्ध कराया गया तथा अन्य आरोपियों की भांति उसे दोपहर का भोजन भी कराया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उसके परिजन थाना पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में तथा पुलिस की निगरानी में संजय बघेल थाना परिसर के बरामदे में अपने परिजनों से मिला एवं उनसे बातचीत करता हुआ दिखाई देता है।

उसी शाम आरोपी संजय बघेल एवं आरोपी सुभाष पटेल को चिकित्सीय परीक्षण, एमसीयू (फिंगर प्रिंट) एवं न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत करने के लिए थाना से रवाना गया लगभग शाम 16:35 बजे के सीसीटीवी फुटेज में संजय बाहर निकलता दिखा है । चिकित्सीय परीक्षण के दौरान संजय बघेल द्वारा चिकित्सक को किसी प्रकार की चोट अथवा शारीरिक तकलीफ की जानकारी नहीं दी गई, मेडिकल रिपोर्ट में उसे फिट बताया गया है जबकि आरोपी सुभाष पटेल द्वारा स्वयं को उच्च बीपी का मरीज बताया गया था।

दोनों आरोपियों को शाम लगभग 18:30 बजे पुलिस बल द्वारा जेल दाखिल कराने ले जाया गया, जहां संजय बघेल के परिवार का सदस्य राकेश बघेल भी उपस्थित था। उसने संजय बघेल को दिलाशा दिया कि शीघ्र ही उसकी जमानत करायेंगे। थाना परिसर में संजय बघेल के साथ मारपीट किए जाने संबंधी आरोप निराधार है।

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण मृतक संजय बघेल के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी प्राप्त किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर पाई गई चोटों को मृत्यु का कारण नहीं बताया गया है। मृत्यु के स्पष्ट कारणों के निर्धारण हेतु हिस्टोपैथो लॉजिकल जांच तथा जप्त विसरा के परीक्षण कराए जाने की राय दी गई है।

प्रकरण की न्यायिक जांच जारी है, जिसके उपरांत तथ्यों की और अधिक स्पष्टता सामने आएगी। जिला पुलिस रायगढ़ न्यायिक जांच में पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


अन्य पोस्ट