रायगढ़

8 टन कच्चा आयरन से भरे ट्रेलर जब्त
17-Jun-2026 4:33 PM
8 टन कच्चा आयरन  से भरे ट्रेलर जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 जून।  थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास एक ट्रेलर वाहन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 8 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) जब्त कर दो व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास खड़े ट्रेलर वाहन में बड़ी मात्रा में पॉयलट गोली लोड है, जिसे संदिग्ध परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के समीप घेराबंदी कर उक्त ट्रेलर वाहन को रोककर जांच की। वाहन में चालक सहित दो व्यक्ति मौजूद मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नंदू वर्मा (35), निवासी एच-12 वार्ड क्रमांक 06, दीनदयाल अपार्टमेंट, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ बताया। वहीं चालक के बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय(41), निवासी आशीर्वाद कॉलोनी, ढिमरापुर चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ बताया तथा स्वयं को ट्रेलर वाहन का स्वामी होना स्वीकार किया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 08 टन पॉयलट गोली (कच्चा आयरन) लोड पाया गया। पूछताछ के दौरान चालक नंदू वर्मा ने उक्त सामग्री को पूंजीपथरा क्षेत्र में बिक्री हेतु ले जाना बताया। पुलिस द्वारा पॉयलट गोली के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, किंतु दोनों व्यक्तियों द्वारा कोई वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रथम दृष्टया उक्त पॉयलट गोली के चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस द्वारा धारा 35(क), 35(ड) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में ट्रेलर वाहन सहित उसमें लोड लगभग 08 टन पॉयलट गोली, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये है, को विधिवत जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। मामले में थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पॉयलट गोली के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व तथा अवैध परिवहन के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट