रायगढ़

हत्या की कोशिश, फरार गिरफ्तार
13-Jun-2026 7:07 PM
हत्या की कोशिश, फरार गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 जून। कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में लगभग दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि इसी प्रकरण में पूर्व में आरोपी राज बरेठ को हत्या के प्रयास के अपराध में दोषसिद्ध पाए जाने पर न्यायालय द्वारा पिछले साल 30 अक्टूबर 2025 को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। फरार रहने के कारण आरोपी संदीप सिंह के विरुद्ध कोतवाली पुलिस द्वारा धारा 193(9) के तहत फरारी में चालान प्रस्तुत किया गया था।

7 दिसम्बर 2024 की रात्रि साहिल ठाकुर अपने मित्रों अनुज गुप्ता, आकिब खान एवं संगम देहरी के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के सामने आग ताप रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में सवार जसदेव सिंह उर्फ जस्सू, सन्नी सरदार, सोनी पाण्डेय, राज कर्क, अर्जुन पटेल, राजवीर सरदार एवं उनके अन्य साथी मौके पर पहुंचे और अश्लील गालियां देते हुए साहिल ठाकुर की हत्या करने की नीयत से लोहे की रॉड एवं डण्डों से हमला कर दिया। हमले में साहिल ठाकुर के सिर, चेहरे, जबड़े, हाथ एवं पैरों में गंभीर चोटें आईं तथा उसका दांत टूट गया एवं जबड़ा अपनी जगह से अलग हो गया। आरोपियों ने उसे मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह ठाकुर के साथ भी लोहे की रॉड से मारपीट की गई, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद घायल साहिल ठाकुर को जिला अस्पताल रायगढ़, मेडिकल कॉलेज, जिंदल अस्पताल, अपेक्स अस्पताल होते हुए उपचार के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार हुआ। मामले में अमन सिंह ठाकुर की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में धारा 296, 351 (2), 115 (2), 109, 191 (2), 191 (3) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 विवेचना पूर्ण होने पर आरोपी राजवीर सिंह, जसदेव सिंह उर्फ जस्सू एवं राज बरेठ के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां 30 अक्टूबर 2025 को मामले के आरोपी जसवीर सिंह को बलवा के अपराध में 4 साल की सजा और राज बरेठ को हत्या के प्रयास में 10 साल की सजा और अर्थदंड से दंडित किया गया।


अन्य पोस्ट