रायगढ़

होटल पर अवैध गतिविधियों का आरोप
13-Jun-2026 4:16 PM
 होटल पर अवैध गतिविधियों का आरोप

मोहल्लेवासियों ने एसपी से की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 जून।  शहर के कोतरारोड स्थित रामबाग क्षेत्र में संचालित एक होटल व्हाईट रोज को लेकर स्थानीय रहवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और स्थानीय परिवारों में चिंता का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में वार्ड क्रमांक 40 कोतरारोड दरोगामुडा के रहवासियों ने आरोप लगाया है कि रामबाग के समीप स्थित व्हाइट रोज होटल में बिना किसी वैध अनुमति के बाहरी युवतियों और नाबालिग लड़कियों को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। रहवासियों का कहना है कि इसके चलते होटल में असामाजिक तत्वों का आना-जाना बढ़ गया है, जिसका नकारात्मक प्रभाव आसपास रहने वाले बच्चों और परिवारों पर पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने शिकायत में बताया है कि होटल घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यहां संचालित कथित गतिविधियों पर रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने होटल संचालक और होटल स्वामी के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मारपीट और धमकी

का भी आरोप

शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 9 जून की रात करीब 12 बजे होटल के बगल में रहने वाले एक स्थानीय निवासी के साथ होटल संचालक एवं उसके सहयोगियों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। पीडि़त के सिर में गंभीर चोट आने का दावा किया गया है। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। रहवासियों का कहना है कि घटना के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि होटल संचालक ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कार्रवाई नहीं होने की बात कही है।

मोहल्लेवासियों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए होटल में संचालित गतिविधियों की जांच, आवश्यक कार्रवाई तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

होटल व्हाइट रोज के संचालक व मैनेजर पर एफआईआर

होटल व्हाइट रोज में शराबखोरी करने वाले लोग अरुण अग्रवाल के घर के आंगन में शराब की खाली बोतलें फेंक देते है,इसी वजह से अरुण अग्रवाल और होटल संचालक सूरज सिंह के बीच आये दिन विवाद होते रहता है। इसी वजह से ही परसों रात भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया जिसके बाद सूरज सिंह और उसके मैनेजर ने अरुण अग्रवाल और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दिया,जिससे अरुण अग्रवाल का सर फट गया है और उसके पुत्र का हाथ टूट गया है। इस मामले में कोतवाली थाने में अरुण अग्रवाल द्वारा दर्ज की गई शिकायत के बाद पुलिस ने सूरज सिंह और उसके मैनेजर के विरुद्ध धारा 296,351(3)115(2)3(5) के तहत मुकदमा लिख लिया गया है।


अन्य पोस्ट