रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जून। कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे गांजा तस्कर सतीश गोरख (31), निवासी सोनकरपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ज्ञात हो कि 25 मई को मुखबिर सूचना पर साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा स्थित इरशाद खान के मकान में रेड कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी इरशाद खान (37), निवासी बीड़पारा रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से 06 पैकेट गांजा, कुल वजन 6.168 किलोग्राम, बरामद किया गया था। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था।
प्रकरण में फरार आरोपी सतीश गोरख की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान 10 जून को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके निवास स्थान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बकरी-बकरों की खरीदी-बिक्री का कार्य करता है तथा इसी सिलसिले में ओडिशा जाता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि 23 मई को वह ओडिशा प्रांत के कनकतुरा जाकर एक अज्ञात व्यक्ति से 06 पैकेट गांजा खरीदकर लाया था, जिसे जोगीडीपा निवासी मोहम्मद वसीम को बिक्री के लिए दिया था।
आरोपी ने बताया कि गांजा बिक्री से उसे 30,000 प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2,750 शेष बचे थे। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में प्रयुक्त उसका रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन तालाब में नहाने के दौरान पानी में गिर गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,750 नगद जब्त किया है।
अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी सतीश गोरख को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


