रायगढ़

गोगो रैपर के साथ आरोपी गिरफ्तार, पान ठेलों में चोरी-छिपे करता था बिक्री
11-Jun-2026 8:38 PM
  गोगो रैपर के साथ आरोपी गिरफ्तार, पान ठेलों में चोरी-छिपे करता था बिक्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 11 जून। 9 जून की रात्रि थाना साइबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

संदेही सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38) सिंधी कॉलोनी पक्की खोली चक्रधरनगर के कब्जे से दो कार्टूनों में 20 डिब्बों में कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उक्त गोगो रैपर के अंदर तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इसका उपयोग किया जाता है। पूछताछ के दौरान संदेही ने बताया कि वह उक्त गोगो रैपर को तिल्दा, जिला रायपुर से लगभग 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बेचता था। अनावेदक सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस द्वारा उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 123 एवं 135(क) के तहत भी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।


अन्य पोस्ट