रायगढ़
रायगढ़, 10 जून। थाना क्षेत्र के ग्राम जमरगीडी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनोज सिसोदिया के रूप में हुई है।
घटना उस समय सामने आई जब ग्रामीणों ने उसके घर के आंगन में खून के छींटे और बौछार जैसी स्थिति देखी। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों की आशंका और बढ़ गई। बताया जा रहा है कि मनोज सिसोदिया की पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ घर के बाहर रहकर काम करती है। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर घर के आंगन में पड़े खून के निशानों पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और किसी अनहोनी की आशंका जताने लगे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ से विशेषज्ञ जांच टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।


