रायगढ़

रेप का आरोपी पुणे से बंदी
10-Jun-2026 6:52 PM
रेप का आरोपी पुणे से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 जून। महिला थाना रायगढ़ की टीम ने रेप के एक आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी द्वारा विवाह का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का मामला सामने आया था।

मूलत: जशपुर जिले की 26 वर्षीय युवती चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रह रही थी। युवती ने 19 अप्रैल को महिला थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि जून 2021 में एक अनजान मोबाइल नंबर से उसकी बातचीत आनंद सिंह नामक व्यक्ति से शुरू हुई थी। बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने उससे विवाह करने का आश्वासन दिया। युवती के अनुसार दिसंबर 2024 में आरोपी रायगढ़ आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी कई बार रायगढ़ आकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।

पीडि़ता ने बताया कि जब उसने आरोपी से विवाह करने की बात कही तो वह लगातार टालमटोल करने लगा और अंतत: शादी करने से इंकार कर दिया। बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह करने की तैयारी कर रहा है। आवेदन के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण दर्ज होने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे रवाना हुई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया और रायगढ़ लेकर आई। पूछताछ में आरोपी आनंद कुमार सिंह (36), हाल मुकाम मारूजी, थाना हिजौड़ी, जिला पुणे (महाराष्ट्र) ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट