रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 जून। चौकी खरसिया पुलिस ने प्राथमिक शाला एवं मिडिल स्कूल हमालपारा में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई संपत्ति का हिस्सा बरामद किया है।
शासकीय बालक प्राथमिक शाला हमालपारा खरसिया के प्रधान पाठक रिखीराम बिरहे ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 मई को विद्यालय के सभी कमरों में ताला बंद किया गया था। 05 जून की सुबह लगभग 9 बजे विद्यालय पहुंचने पर स्कूल के मुख्य ताले टूटे हुए मिले तथा खिडक़ी का एंगल रॉड भी क्षतिग्रस्त पाया गया। जांच करने पर प्राथमिक शाला के कमरों से 8 नग सिलिंग फैन, एक एग्जॉस्ट फैन, एक ब्लूटूथ स्पीकर, 50 किलो चावल तथा मिडिल स्कूल से 8 नग सिलिंग फैन चोरी होना पाया गया।
प्रधान पाठक की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर महेश देवांगन एवं धरमपाल कुर्रे, दोनों निवासी हमालपारा तलाबपार खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों संदेहियों ने 02 जून की रात प्राथमिक शाला एवं मिडिल स्कूल हमालपारा के ताले तोडक़र अंदर प्रवेश करना तथा विद्यालय में लगे सिलिंग फैन चोरी करना स्वीकार किया।


