रायगढ़

मारपीट का फरार आरोपी गिरफ्तार
06-Jun-2026 3:05 PM
मारपीट का फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस ने मारपीट के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विश्वास बैरागी (20) निवासी मोदीपारा, सावित्रीनगर रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

मारपीट की घटना को लेकर रायगढ़ के बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23) ने 28 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह साउंड एंड लाइट का व्यवसाय करता है। 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल रायगढ़ के पास कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें उसने बीच-बचाव किया था। शोभायात्रा समाप्त होने के बाद देर रात्रि वह अपने साउंड सिस्टम का सामान दशरथ पान ठेला के पास रखवाकर वहीं खड़ा था, तभी शुभम भाटिया, विश्वास बैरागी एवं उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की बात को लेकर उससे विवाद करने लगे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आहत का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के बाद प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।

घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस ने आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में सरगर्मी से पतासाजी जारी है।


अन्य पोस्ट