रायगढ़

​संपत्ति हड़पने की साजिश पत्नी और साला गिरफ्तार
06-Jun-2026 2:58 PM
​संपत्ति हड़पने की साजिश  पत्नी और साला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 जून। थाना घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की शिकायत पर उसकी पत्नी, साले और ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शिकायतों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 5, छाल रोड, घरघोड़ा निवासी पिंगल कुमार बघेल (41) की शिकायत की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने की। जांच के आधार पर पिंगल कुमार बघेल की पत्नी सीमा बघेल, साले कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने पुलिस को बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से संबंधित कार्य करता है। उसके अनुसार वर्ष 2008 में सीमा यादव (सीमा बघेल) से उसका विवाह हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि व्यवसाय में आर्थिक प्रगति के बाद उसके ससुर और साले का उसके घर आना-जाना बढ़ गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक वह अपने व्यवसाय से प्राप्त राशि अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए देता था। उसका आरोप है कि वर्ष 2014 में उसे संदेह हुआ कि व्यवसाय से प्राप्त आय के अनुपात में घर में रकम उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। शिकायत के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में उसकी पत्नी को अलमारी से रकम निकालकर अपने भाई को देते हुए देखा गया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते के लेन-देन का अवलोकन किया गया, जिसमें लगभग 22 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन पाए गए। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित भूमि खरीद के दौरान उसकी पत्नी, साले और ससुर ने उस पर दबाव बनाकर लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि सीमा बघेल के नाम पर पंजीकृत कराई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया।

पुलिस के अनुसार एसडीओपी धरमजयगढ़ द्वारा की गई जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर 3 जून 2026 को थाना घरघोड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।


अन्य पोस्ट