रायगढ़

निकाह, मतांतरण व देशविरोधी नारों के आरोप पुलिस कर रही जांच
28-May-2026 3:05 PM
निकाह, मतांतरण व देशविरोधी नारों के आरोप पुलिस कर  रही जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 28 मई।  जिले के खरसिया क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना दिया है। एक हिंदू युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीडि़ता का दावा है कि आरोपी ने पहले प्रेम संबंध बनाए, फिर निकाह और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। शिकायत में मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा, मारपीट और धमकी जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ दुव्र्यवहार किया गया।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी पक्ष द्वारा पीडि़ता और बच्चों पर कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे बोलने का दबाव बनाया जाता था। हालांकि इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।

युवती के अनुसार आरोपी ने निकाह से पहले खुद को तलाकशुदा बताया था, लेकिन बाद में पता चला कि उसकी पहले से पत्नी और बच्चे हैं। पीडि़ता ने इसे धोखे और विश्वासघात का मामला बताया है।

आवेदन में शराब, जुआ और अन्य गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाए गए हैं। पीडि़ता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट