रायगढ़

सीतापुर ब्लाइंड मर्डर : दोस्त ही निकला कातिल, गिरफ्तार
22-May-2026 7:11 PM
सीतापुर ब्लाइंड मर्डर : दोस्त ही निकला कातिल, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 मई। कोतरारोड थाना क्षेत्र अंतर्गत 15 मई को सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव मामले में कोतरारोड पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी अमन कुमार बसोड (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने अपने ही दोस्त तिलक वर्मा की मामूली विवाद पर बेरहमी से हत्या करना स्वीकार किया है। मामले के खुलासे में कोतरारोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच अहम रही।

जानकारी के मुताबिक 15 मई की सुबह कोतरारोड पुलिस को सूचना मिली कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने खाली जगह पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है और हत्या की आशंका है। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक शील कुमार आदित्य, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 साल) के रूप में हुई। मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। दूसरे दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान थे। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर और ईंटें मिलीं। मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घटना की रात टावर मैदान के पास मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का संदेह उस पर गहराया। थाना प्रभारी द्वारा मुखबिर सक्रिय किए गए थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी अपनी बहन के घर छातामुड़ा आया हुआ है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।


अन्य पोस्ट